"नीतीश कुमार ने दो दिन पहले अमित शाह से कहा था कि चिंता की कोई बात नहीं है": सुशील मोदी से




बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को एनडीटीवी से बात करते हुए कहा कि अमित शाह ने दो दिन पहले नीतीश कुमार को फोन किया था.

नई दिल्ली: बिहार में एनडीए गठबंधन टूटने को लेकर बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने बुधवार को एनडीटीवी से बात करते हुए कहा कि अमित शाह ने दो दिन पहले नीतीश कुमार को फोन किया था. लेकिन उस दौरान नीतीश कुमार ने कहा था कि चिंता की कोई बात नहीं है. बीजेपी नेता ने कहा कि पीएम मोदी ने पिछले डेढ़ साल में कई बार नीतीश से बात की, लेकिन उन्होंने कभी शिकायत नहीं की.

इससे पहले सुशील मोदी ने दावा किया था कि जदयू के कई नेता बीजेपी में आए हैं. उन्होंने कहा कि आप नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाएं और बिहार में आप राज करें. लेकिन बीजेपी ने ऐसा नहीं किया, क्योंकि बीजेपी का अपना उम्मीदवार है. इसी के चलते नीतीश कुमार ने बीजेपी को धोखा दिया है.


उन्होंने कहा कि बीजेपी ने नीतीश को पांच बार सीएम बनाया, नीतीश और बीजेपी का 17 साल का जुड़ाव था, जिसे नीतीश ने तोड़ा. 2020 में नीतीश को नरेंद्र मोदी के नाम पर वोट मिले, नीतीश कुमार के नाम पर नहीं. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जमानत पर बाहर हैं। नीतीश का यह कदम सबसे पिछड़े 30 फीसदी का अपमान है. सुशील मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार तेजस्वी यादव को कभी भी धोखा दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को चार्जशीट किया गया है.